नई दिल्ली, 25 जून।
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। यह प्रक्रिया आगामी 30 जून से घर-घर जाकर शुरू होगी।
बैठक में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सहित कई दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम इसमें न जुड़े।
अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। राजनीतिक दलों को अलग-अलग मामलों में पंजीकरण फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
दलों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए निर्वाचन अधिकारियों ने शंकाओं का समाधान किया। अंत में, निर्वाचन तंत्र के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया गया। सभी राजनीतिक दलों ने इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया है।












