मध्य प्रदेश
26 Jun, 2026

कृषि और किसान होंगे समृद्ध, तभी बनेगा विकसित भारत: शिवराज

पंतनगर में आयोजित कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य कृषि, वैज्ञानिक अनुसंधान और किसानों की समृद्धि से ही हासिल किया जा सकता है।

ऊधमसिंह नगर, 26 जून।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की कृषि मजबूत होगी और किसान आर्थिक रूप से समृद्ध बनेंगे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन सहित कृषि क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से ही संभव है। साथ ही कृषि वैज्ञानिकों और शिक्षण संस्थानों से भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शोध को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि के विकास का गौरवशाली केंद्र रहा है, जिसने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, कृषि उद्यमी और कुशल मानव संसाधन देकर कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि हरित क्रांति की इस ऐतिहासिक भूमि पर आना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि देश का खाद्यान्न उत्पादन लगभग 377 मिलियन टन तक पहुंच चुका है। चावल उत्पादन में भारत विश्व में अग्रणी है, जबकि गेहूं और बासमती चावल की वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय कृषि वैज्ञानिकों और पंतनगर जैसे संस्थानों को दिया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, भूजल स्तर में गिरावट, मिट्टी की गुणवत्ता में कमी और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान को और मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कृषि और किसानों की उन्नति ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह पंतनगर सीख देने नहीं, बल्कि सीखने आए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और कृषि विशेषज्ञों से संवाद को देश की कृषि के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर बताया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी लोगों से अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधरोपण करने की अपील की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप और युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि देश की हरित क्रांति का प्रमुख केंद्र रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि छोटे जोत, जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान, पलायन, सीमित बाजार और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। इन समस्याओं का समाधान अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने पूर्व छात्रों से आधुनिक खेती, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि, कृषि प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, डिजिटल मार्केटिंग और कृषि उद्यमिता के क्षेत्र में किसानों तथा युवाओं का मार्गदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप, कौशल विकास और कृषि आधारित नवाचार को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए अवसर तैयार कर रही है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य गठन के बाद कृषि भूमि घटने के बावजूद प्रदेश में कृषि उत्पादन में करीब तीन लाख टन की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित करने की मांग भी रखी।

कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित संग्रहालय और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का अवलोकन किया। दोनों नेताओं ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके साथ धान की रोपाई में हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

|
आज का राशिफल

कामकाज की व्यस्तता से सुख-चैन प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूति मिलेगी। लाभमार्ग प्रशस्त होगा। नवीन उद्योगों के अवसर बढ़ेंगे व अभिलाषाएं पूर्ण होगी। आनन्ददायक वातावरण बनेगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 34°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़