पश्चिम बर्दवान, 26 जून।
कोलकाता के तारातला क्षेत्र में निर्माणाधीन वेयरहाउस का शेड ढहने से हुए भयावह हादसे में पश्चिम बर्दवान जिले के रानीगंज निवासी एक श्रमिक के लापता होने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लायकबाजार के धावड़ा निवासी नवीन सिंह इस हादसे के बाद से लापता बताए जा रहे हैं, जिसके चलते उनका पूरा परिवार गहरे सदमे और अनिश्चितता में है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नवीन सिंह की पत्नी नेहा देवी और बड़ा बेटा प्रिंस सिंह उनकी तलाश में घटना के तुरंत बाद ही कोलकाता के लिए रवाना हो गए थे। बुधवार सुबह लगभग 10 बजे नवीन की अपनी पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद से ही उनका संपर्क कट गया। दोपहर करीब एक बजे ठेकेदार द्वारा दुर्घटना की सूचना दिए जाने के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
नवीन सिंह लंबे समय से निर्माण कार्यों से जुड़े थे और करीब 15 दिन पूर्व ही वे एक सप्ताह की छुट्टी बिताकर दोबारा काम पर लौटे थे। परिवार के लिए रोजी-रोटी का एकमात्र जरिया होने के कारण उनके लापता होने से घर में मौजूद दो अन्य छोटे बच्चे भी अत्यधिक चिंतित हैं। परिजनों ने बताया कि उनकी पहचान के लिए उनके हाथ पर बने टैटू की जानकारी भी अधिकारियों को दे दी गई है।
शुक्रवार सुबह तक नवीन का कोई सुराग न मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। रानीगंज स्थित उनके पैतृक आवास पर स्थानीय लोग और पड़ोसी बड़ी संख्या में जुटकर उनके सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। फिलहाल पूरे परिवार की यही एक प्रार्थना है कि उन्हें जल्द से जल्द नवीन का कोई समाचार मिले।

















