सेलिब्रिटी गॉसिप
26 Jun, 2026

कोलकाता से अनुपम खेर का बड़ा ऐलान, बनेगा विश्वस्तरीय एक्टिंग स्कूल

अनुपम खेर ने कोलकाता में नई फिल्म की घोषणा के साथ पश्चिम बंगाल में विश्वस्तरीय एक्टिंग स्कूल स्थापित करने की अपनी योजना का भी ऐलान किया।

कोलकाता, 26 जून।

मशहूर अभिनेता और निर्माता अनुपम खेर ने करीब 26 वर्षों बाद पश्चिम बंगाल पहुंचकर राज्य के फिल्म जगत के लिए नई पहल का ऐलान किया। शुक्रवार को कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी अनुपम खेर स्टूडियो एंड फ्रेंचाइजी ग्रुप निर्माता फिरदौसुल हुसैन के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल से "शुरु थेके शुरु" नामक नई फिल्म का निर्माण करेगी।

अनुपम खेर ने कहा कि यह केवल एक नई फिल्म का प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि बंगाल के फिल्म उद्योग के लिए नए दौर की शुरुआत का संकेत भी है। उनका मानना है कि इस पहल से राज्य की फिल्म संस्कृति को नई दिशा और अवसर मिलेंगे।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि उनकी इच्छा पश्चिम बंगाल में एक विश्वस्तरीय एक्टिंग स्कूल स्थापित करने की है, जहां उभरते कलाकारों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बंगाल प्रतिभाशाली कलाकारों की भूमि है। यदि यहां की नई प्रतिभाओं को उचित मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकते हैं।

अनुपम खेर ने कहा कि पश्चिम बंगाल की पहचान हमेशा से संगीत, साहित्य और फिल्म संस्कृति के मजबूत केंद्र के रूप में रही है। उन्होंने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, मानिक बनर्जी सहित कई महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सृजन और सांस्कृतिक विरासत की इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस नई शुरुआत के लिए बंगाल को चुना गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से हुई मुलाकात के दौरान उन्हें इस पहल के लिए सहयोग और शुभकामनाएं मिलीं। उनके अनुसार राज्य में सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए सकारात्मक वातावरण दिखाई दे रहा है।

अनुपम खेर ने यह भी याद किया कि लगभग 26 वर्ष पहले उन्होंने अभिनेत्री ऋतुपर्णा के साथ बंगाल में काम किया था। लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर राज्य के फिल्म उद्योग से जुड़ना उनके लिए विशेष अनुभव है।

कोलकाता में अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार शहर में उन्हें पहले की तुलना में नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव का एहसास हुआ, जो भविष्य में नई संभावनाओं की ओर संकेत करता है।

|
आज का राशिफल

व्यर्थ की भाग-दौड़ से बचा जाए तो अच्छा है। दुर्लभ स्वप्न साकार होंगे। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंग। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़