नई दिल्ली, 26 जून।
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी का एलान कर दिया है। पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत बदली हुई दरें आगामी 1 जुलाई से प्रभावी होंगी।
अब 36 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट या उसके री-इश्यू के लिए आवेदकों को 2,500 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, तत्काल योजना के अंतर्गत इसी पासपोर्ट के लिए शुल्क 5,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
60 पन्नों वाले साधारण पासपोर्ट का नया शुल्क 3,500 रुपये होगा, जबकि तत्काल कोटे में यह 6,000 रुपये का पड़ेगा। वर्तमान में 36 पन्नों के लिए 1,500 रुपये और 60 पन्नों के लिए 2,000 रुपये लिए जाते हैं।
यदि किसी का पासपोर्ट खो जाता है या खराब हो जाता है, तो 36 पन्नों के नए पासपोर्ट के लिए 5,000 रुपये का शुल्क देना होगा। इसी स्थिति में 60 पन्नों वाले पासपोर्ट के लिए 6,000 रुपये का भुगतान करना अनिवार्य होगा।

















