जयपुर, 26 जून।
जयपुर ग्रामीण पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कल्याण मटका ऑनलाइन गेम के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो, लैपटॉप और चार महंगे मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार जोबनेर थाना और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त अभियान चलाकर फुलेरा निवासी अजय कुमार (23) और जोबनेर निवासी विवेक चौधरी (25) को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अजय सोशल मीडिया पर कल्याण मटका से जुड़े फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को जाल में फंसाता था, जबकि विवेक व्हाट्सएप के माध्यम से फोन-पे क्यूआर कोड या बैंक खाते की जानकारी भेजकर उनसे रकम जमा कराता था।
जांच के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल फोन की पड़ताल में कल्याण मटका से संबंधित फेसबुक आईडी और व्हाट्सएप चैट मिलीं। पुलिस के अनुसार इन चैट में विभिन्न मोबाइल नंबरों के जरिए गेम खिलाने और पैसे मंगवाने के साक्ष्य मिले हैं। आरोप है कि रकम जमा होने के बाद जीतने वाले लोगों को भुगतान नहीं किया जाता था और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कथित ठगी की जाती थी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक एचपी कंपनी का लैपटॉप, दो आईफोन 17 प्रो, एक वीवो वी-29 मोबाइल, एक रियलमी मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो जब्त की है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और पूरे साइबर नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार सूचना मिली थी कि जोबनेर बाईपास स्थित गोपाल टी स्टॉल के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो में बैठकर कुछ लोग साइबर ठगी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।














