उरई, 27 जून।
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की गोहन थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने शनिवार तड़के एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। संयुक्त टीम ने एक मुठभेड़ के बाद बकरी चोर गिरोह के दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। इस जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी घायल हुआ है, वहीं दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 20 जून की रात गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम इटवाँकनार में चोरी की एक वारदात हुई थी। यहाँ संजू नामक व्यक्ति की पत्नी खुशबू की तीन बकरियां अज्ञात बदमाशों ने चुरा ली थीं। वारदात का विरोध करने पर चोरों ने संजू पर हमला कर उसे चोटिल भी किया था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पुलिस टीम के साथ हुई इस मुठभेड़ के बाद पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान उदल और आशिफ के रूप में हुई है। गोली लगने से घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक कार भी जब्त की है।
अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए अपराधियों के पास से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक धारदार ब्लेडनुमा चाकू और 4,450 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि 20 जून को चुराई गई तीनों बकरियों को उन्होंने 14 हजार रुपये में ठिकाने लगा दिया था। इस पूरे गिरोह में चार शातिर लोग शामिल थे। वे शनिवार को किसी अन्य नई चोरी की योजना बना रहे थे, पर इसके पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।














