बीजिंग, 27 जून।
चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार शाम एक हल्का स्पोर्ट्स विमान शहर की सबसे ऊंची इमारत सिटिक टॉवर से टकरा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को तत्काल खाली करा लिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को 528 मीटर ऊंचे सिटिक टॉवर की ऊपरी मंजिलों से टकराते देखा गया। टक्कर के बाद विमान का मलबा सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट की सड़कों, फुटपाथों और आसपास के हरित क्षेत्र में फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद इमारत के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। एक महिला ने बताया कि वह अपना बैग और पहचान पत्र तक अंदर छोड़कर बाहर निकल आई। वहीं, पास की एक इमारत में मौजूद व्यक्ति ने शाम करीब 5:40 बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनने की जानकारी दी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा घेरा बना दिया। मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों के साथ कई एम्बुलेंस भी तैनात की गईं।
ऑनलाइन साझा हुई तस्वीरों में विमान का पंजीकरण नंबर बी-12पीपी दिखाई दिया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार यह विमान शुआंगयुए जनरल एविएशन का सनवर्ड एसए60एल ऑरोरा मॉडल है, जो दो सीटों वाला सिंगल इंजन हल्का स्पोर्ट्स विमान है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान ने किस स्थान से उड़ान भरी थी और दुर्घटना की वजह क्या रही। इस संबंध में चीनी अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी बताया गया कि घटना से जुड़ी कई पोस्ट चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दी गईं और कुछ उपयोगकर्ताओं को उन्हें साझा करने में भी परेशानी हुई।
उल्लेखनीय है कि बीजिंग में किसी भी हल्के विमान के संचालन के लिए चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स दोनों की मंजूरी आवश्यक होती है। हाल के समय में निजी उड़ानों और ड्रोन संचालन को लेकर शहर में नियम और अधिक सख्त किए गए हैं।
सिटिक टॉवर वर्ष 2018 के अंत में बनकर तैयार हुआ था और यह चीन की सरकारी बहुराष्ट्रीय कंपनी सिटिक का मुख्यालय है। 528 मीटर ऊंची यह इमारत बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत मानी जाती है।














