भोपाल, 27 जून।
राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी), पुलिस मुख्यालय भोपाल की ओर से आईसीजेएस के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल एकीकरण विषय पर रविवार, 28 जून को राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, कार्यशाला का आयोजन पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो जयदीप प्रसाद के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजीव एस. कलगांवकर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यशाला का उद्देश्य इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) के तहत पुलिस, अभियोजन, न्यायालय, जेल, फॉरेंसिक और स्वास्थ्य विभाग के बीच डिजिटल समन्वय तथा डेटा इंटरऑपरेबिलिटी को और अधिक सशक्त बनाना है। साथ ही आईसीजेएस के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों, मौजूदा व्यवस्था की कमियों और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस राज्य स्तरीय कार्यशाला में आईसीजेएस से जुड़े सभी प्रमुख विभागों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रत्येक जिले से न्यायिक अधिकारी, अभियोजन, जेल, फॉरेंसिक तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे। विषय पर गहन चर्चा के लिए स्थानीय विशेषज्ञों के अलावा एनसीआरबी नई दिल्ली के उप निदेशक प्रसून गुप्ता, मुंबई के फॉरेंसिक एवं साइबर विशेषज्ञ डॉ. सैयद शरीक महदी रिजवी तथा एनआईसी भोपाल के सुनील जैन को भी वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनके द्वारा विभिन्न तकनीकी सत्र संचालित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यशाला राज्य में नए आपराधिक कानूनों के डिजिटल और एकीकृत क्रियान्वयन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।














