सतना, 27 जून।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना ग्राम कंदर के पास उस समय हुई, जब अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार उत्तर प्रदेश के फतेहगंज क्षेत्र के दढ़वा निवासी 25 वर्षीय झल्लू यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय राजमनी यादव, 45 वर्षीय पीतम वर्मा और 40 वर्षीय राकेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से चल रही थी। मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही बरौंधा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।














