कानपुर देहात, 27 जून।
कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गहलू तिराहे के पास की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भैंसाया गांव निवासी 38 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र शनिवार सुबह कानपुर स्थित एक फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। कुछ समय बाद उनका शव गहलू तिराहे के पास शीशम के पेड़ से लटका मिला।
सुबह जब ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
रसूलाबाद थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।














