मैहर, 27 जून।
मध्य प्रदेश के मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित मार्कंडेय आश्रम के समीप शनिवार सुबह मार्कंडेय नदी में स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन सदस्य गहरे पानी में चले गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 15 वर्षीय एक किशोर तेज बहाव में लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सतना जिले के चोरहटा निवासी गुप्ता परिवार रामनगर में रिश्तेदार के यहां आयोजित भंडारे और विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे आशा गुप्ता (38), पूनम गुप्ता (35) और वेदरूप गुप्ता (15) मार्कंडेय नदी में स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में पहुंच गए।
घटना होते ही नदी किनारे मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आशा गुप्ता और पूनम गुप्ता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन वेदरूप गुप्ता तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। किशोर की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। दोपहर तक चले अभियान के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस के अनुसार स्थानीय प्रशासन, गोताखोरों और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार नदी में किशोर की तलाश कर रही है।














