मध्य प्रदेश
27 Jun, 2026

बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश नाकाम, घायल एसआई ने आरोपी को दबोचा

छिंदवाड़ा में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शटर काटकर घुसे आरोपी की लूट की कोशिश पुलिस ने विफल कर दी, हमले में घायल होने के बावजूद सब-इंस्पेक्टर ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।

छिंदवाड़ा, 27 जून।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में शनिवार को दिनदहाड़े लूट की कोशिश पुलिस की सतर्कता से विफल हो गई। बैंक का शटर काटकर अंदर घुसे आरोपी ने लॉकर और चेस्ट तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन समय पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके से भागने नहीं दिया। इस दौरान आरोपी ने सुतली बम में आग लगाकर धमाका किया और एक पुलिस अधिकारी पर धारदार हथियार से हमला भी किया, इसके बावजूद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे बैंक का शटर कटा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और बैंक प्रबंधन मौके पर पहुंचे। शाखा पहली मंजिल पर होने के कारण पुलिस दो शटर पार कर अंदर पहुंची। इसी दौरान बैंक के भीतर छिपे आरोपी ने पेट्रोल से तैयार सुतली बम में आग लगाकर विस्फोट किया, ताकि अफरा-तफरी के बीच भाग सके। धमाके के बाद आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सब-इंस्पेक्टर नारायण बघेल ने उसका पीछा किया। इस दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उनके हाथ की उंगली घायल कर दी। घायल होने के बावजूद उन्होंने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। कुछ ही देर में अतिरिक्त पुलिस बल भी पहुंच गया और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ बैंक में पहुंचा था। उसके पास से गैस कटर, हथौड़ी, छेनी और लोहे काटने के अन्य औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार उसने बैंक के चेस्ट और लॉकर को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन समय रहते पुलिस पहुंचने के कारण वह नकदी या अन्य कीमती सामान ले जाने में सफल नहीं हो सका। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान बैंक के रिकॉर्ड रखने वाले हिस्से में आग लगाने के संकेत भी मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आग दहशत फैलाने के लिए लगाई गई थी या साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से।

शुरुआत में दो आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बैंक के सीसीटीवी फुटेज में फिलहाल केवल एक ही आरोपी दिखाई दिया है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

घटना के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने इसी का फायदा उठाकर बैंक में प्रवेश किया। समय पर हुई कार्रवाई से बैंक का कैश और अन्य कीमती सामान सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पूछताछ और वैज्ञानिक जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि आरोपी ने वारदात अकेले अंजाम दी या उसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ था।

|
आज का राशिफल

कामकाज की व्यस्तता से सुख-चैन प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूति मिलेगी। लाभमार्ग प्रशस्त होगा। नवीन उद्योगों के अवसर बढ़ेंगे व अभिलाषाएं पूर्ण होगी। आनन्ददायक वातावरण बनेगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 34°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़