जमशेदपुर, 27 जून।
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह तालाब से शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की शिनाख्त के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि व्यक्ति की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक की पहचान या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल बिष्टुपुर थाना को सूचना दें, ताकि उसकी शिनाख्त सुनिश्चित कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।














