जम्मू, 27 जून।
केंद्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल और तैनाती की कड़ी में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अभिषेक शर्मा की प्रतिनियुक्ति की अवधि में विस्तार किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने अभिषेक शर्मा की अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति को एक और वर्ष के लिए बढ़ाने की औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है।
कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, यह विस्तार डीओपीटी (कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग) के प्रस्ताव पर स्वीकृत किया गया है। केंद्र ने मौजूदा नीतिगत नियमों में विशेष छूट देते हुए इस तैनाती को 8 जुलाई, 2026 के बाद एक अतिरिक्त वर्ष के लिए बढ़ा दिया है।
वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक शर्मा मूल रूप से छत्तीसगढ़ कैडर के हैं, लेकिन वे वर्तमान में एजीएमयूटी कैडर के तहत जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अभिषेक शर्मा अपनी वर्तमान भूमिका में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में उपायुक्त (डीसी) के तौर पर तैनात हैं। जिले के प्रशासनिक संचालन और विकास कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए यह विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













