बिजनौर, 27 जून।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र स्थित भनेड़ा गांव में शुक्रवार देर रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि जीजा ने अपने साले पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, भनेड़ा गांव निवासी सचिन की बहन का विवाह करीब सात वर्ष पहले किरतपुर ब्लॉक के रामपुर गांव निवासी शीलगंगे से हुआ था। शादी के करीब एक वर्ष बाद शीलगंगे अपनी ससुराल में आकर रहने लगा। इसी बात को लेकर सचिन और उसके जीजा के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। सचिन कई बार उसे अपने घर लौटने के लिए कह चुका था। इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। शुक्रवार शाम को भी इसी बात पर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई थी।
बताया गया कि देर रात करीब दो बजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शीलगंगे ने धारदार चाकू से सचिन पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आरोपी दामाद को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर किरतपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी शीलगंगे को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














