अनूपपुर, 27 जून।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-9 में शनिवार को एक कॉलेज छात्रा का शव किराए के मकान की छत पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां दोपहर बाद प्रक्रिया पूरी होने पर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मकान में किराए पर रह रही अन्य छात्राओं ने सबसे पहले युवती का शव देखा और इसकी सूचना मकान मालिक भारत सिंह राठौर को दी। इसके बाद मकान मालिक ने युवती के परिजनों के साथ पुलिस और डायल-112 को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतका की पहचान ग्राम बहोरीटोला केकरपानी निवासी 20 वर्षीय गायत्री सिंह के रूप में की है। वह करीब एक माह पहले केकरपानी गांव निवासी रन्नु यादव के साथ साझा कमरा लेकर यहां रहने आई थी। गायत्री ने हाल ही में पीएम श्री तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। इससे पहले वह पिछले वर्ष अनूपपुर में रहकर डीसीए का कोर्स कर चुकी थी। करीब 15 से 20 दिन पहले वह प्रवेश के लिए पैसे लेने अपने गांव गई थी।
पुलिस के अनुसार, साथ में रहने वाली अन्य लड़कियों ने बताया कि रात करीब 11 बजे तक सभी जाग रहे थे। उनके सोने के बाद संभवतः गायत्री छत पर गई और सीलिंग हुक में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। पुलिस घटना का समय रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच मान रही है। सुबह करीब सात बजे अन्य लड़कियों ने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी।
जांच अधिकारी के अनुसार, गायत्री के साथ रहने वाली दूसरी युवती कुछ दिन पहले अपने गांव केकरपानी चली गई थी। अन्य किराएदारों के मुताबिक गायत्री सबसे कम बातचीत करती थी। परिवार में उसके माता-पिता, एक बड़ी बहन और दो भाई हैं। पिता खेती के साथ मजदूरी भी करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।














