नोएडा, 27 जून।
नोएडा के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले पांच लोगों के साथ साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं। अलग-अलग तरीकों से साइबर अपराधियों ने पीड़ितों के बैंक खातों से कुल एक करोड़ 62 लाख 77 हजार 139 रुपये की रकम निकाल ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर निवासी 44 वर्षीय दिग्विजय सिंघल ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर उनसे 27 लाख 87 हजार 750 रुपये की ठगी की। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित का मोबाइल फोन बंद होने के कारण उपनिरीक्षक ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी तरह सेक्टर-92 निवासी बिंदु शर्मा ने भी साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि शेयर ट्रेडिंग में निवेश और अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके साथ 42 लाख 13 हजार 714 रुपये की धोखाधड़ी की गई। जांच में महिला के साथ ठगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक अन्य मामले में सेक्टर-120 निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी संजय शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि 15 मई को उन्हें व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और बातचीत के कुछ समय बाद उनके खाते से 9 लाख 51 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
महिला रश्मि सिंह ने भी शिकायत दर्ज कराई है कि 22 जून को अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से बिना अनुमति 8 लाख 24 हजार 675 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, सेक्टर-8 निवासी अरशद खान ने बताया कि उनकी पेपर पैकेजिंग कंपनी है। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल नंबर हैक कर बैंक से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली और खाते से ऑनलाइन 75 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














