मुंबई, 27 जून।
मुंबई के भायखला क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस के दौरान दर्द निवारक दवा बताकर लोगों को कथित तौर पर चूहे मारने की गोलियां बांटने का मामला सामने आया है। गोलियों का सेवन करने के बाद कुछ युवाओं की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें से एक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से बड़ी संख्या में जहरीले कैप्सूल बरामद किए।
पुलिस उपायुक्त जयंत मीणा के अनुसार, आरोपित ने कुछ लोगों को निशाना बनाने की मंशा से 30 हजार खाली कैप्सूल और 100 ग्राम जिंक फॉस्फाइड ऑनलाइन मंगाया था। जांच में सामने आया कि उसने प्रत्येक कैप्सूल में करीब एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड भरकर उन्हें तैयार किया और जुलूस में मौजूद लोगों को इन्हें पेन किलर बताकर वितरित किया।
पुलिस ने बताया कि गोलियां खाने के बाद कुछ लोगों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। पीड़ितों की सूचना पर भायखला पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 14 हजार जहरीली गोलियां और करीब 50 किलोग्राम चूहे मारने की दवा बरामद की गई। समय रहते कार्रवाई होने से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यदि इतनी बड़ी संख्या में ये जहरीले कैप्सूल लोगों तक पहुंच जाते तो अनेक लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपित का उद्देश्य क्या था और उसने इतनी मात्रा में जहरीली गोलियां क्यों तैयार कीं। प्रारंभिक जांच में इस पहलू की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं यह किसी लोन वुल्फ अटैक जैसी साजिश का हिस्सा तो नहीं था। साथ ही संभावित अंतरराष्ट्रीय या आतंकी संबंधों की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार 39 वर्षीय आरोपित की पहचान पुणे के विमाननगर निवासी फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में उसके घर से 14,900 से अधिक तैयार कैप्सूल और लगभग 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड बरामद किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि प्रत्येक कैप्सूल में एक-एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड भरकर जहरीली गोलियां तैयार की थीं। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वह वर्ष 2025 में ईरान और इराक की यात्रा कर चुका है। पुलिस पूरे मामले के उद्देश्य और संभावित अंतरराष्ट्रीय या आतंकी कनेक्शन की गंभीरता से जांच कर रही है।














