नोएडा, 27 जून।
उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर नोएडा से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सेक्टर 39 थाना क्षेत्र में एक महिला ने ऐप आधारित सेवा प्रदाता कंपनी के कैब चालक पर बदसलूकी, मानसिक उत्पीड़न और दुष्कर्म की धमकी देने का संगीन आरोप लगाया है। शुक्रवार की रात पीड़िता द्वारा की गई शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी ड्राइवर ने महिला को डराते हुए यहाँ तक कह दिया कि वह उसका बलात्कार कर उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा। इस खौफनाक धमकी के बाद से पीड़ित महिला अत्यधिक डरी और सहमी हुई है।
थाना प्रभारी ने शनिवार सुबह घटना की तफ्सील देते हुए बताया कि सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी की निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर दी है। शिकायत के मुताबिक महिला ने 25 जून की शाम को नोएडा से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए रैपीडो ऐप के जरिए एक गाड़ी बुक की थी। बुकिंग के बाद अमित कश्यप नामक ड्राइवर अपनी कार लेकर उन्हें लेने पहुंचा।
रास्ते में कार सवार चालक ने महिला से अश्लील लहजे में बात करनी शुरू कर दी और गाड़ी का रास्ता बदलने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो ड्राइवर ने गार्डन गैलरिया मॉल के समीप गाड़ी रोक दी और महिला को सुनसान रास्ते में ही उतारकर रफूचक्कर हो गया।
पीड़िता ने किसी तरह दूसरी गाड़ी बुक की और रेलवे स्टेशन पहुंची, मगर तब तक उनकी ट्रेन छूट चुकी थी। मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई; आरोपी ड्राइवर ने इसके बाद महिला के मोबाइल पर दो बार फोन किया और फोन पर गंदी गालियां देते हुए अश्लील बातें कीं। उसने महिला को दुष्कर्म करने और उसकी वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत कंपनी से भी की, पर उनकी तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
गनीमत यह रही कि पीड़ित महिला ने आरोपी ड्राइवर के साथ फोन पर हुई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे उन्होंने साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंप दिया है। इस भयानक आपबीती के बाद से महिला गहरे सदमे में है। थाना प्रभारी के अनुसार, बीती रात केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश में जुटी हैं।














