पुंछ, 27 जून।
सीमा पर तैनात भारतीय सेना ने पुंछ के गुलपुर सेक्टर में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में आने की कोशिश कर रहा था।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद सज्जाद के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 26 वर्ष बताई गई है। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के बांदी अब्बासपुर जिले के पोलास गांव का रहने वाला है।
सेना ने पकड़े गए युवक को पुंछ पुलिस के हवाले कर दिया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्वास्थ्य जांच की गई।
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उसे पुंछ थाने ले जाया गया है, जहां पाकिस्तानी नागरिक से आगे की पूछताछ और विधिक कार्रवाई की जा रही है।













