भोपाल, 27 जून।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) मध्य प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई और 40 दिवसीय अभियान को प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कॉर्डिनेटर एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह प्रभारी अंशुल त्रिवेदी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन प्रदेशभर में 40 दिनों तक अभियान चलाएगा। इसके तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, छात्रावासों और छात्र समूहों तक पहुंचकर संवाद स्थापित किया जाएगा।
अंशुल त्रिवेदी ने बताया कि अभियान के दौरान पंपलेट वितरण, छात्र संवाद, टोली बैठकें, हॉस्टल मीटिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक अगस्त को भोपाल कलेक्ट्रेट के बाहर सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा, जबकि आठ अगस्त को दिल्ली में राहुल गांधी देशभर से पहुंचे छात्रों को संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि राजधानी भोपाल में इस अभियान को व्यापक और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए संगठन के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ जुटेंगे, ताकि यहां से पूरे देश में एक मजबूत संदेश पहुंचाया जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मध्य प्रदेश के सभी जिलों में अभियान को प्रभावी तरीके से चलाते हुए अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी ने कहा कि यह अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान को सफल बनाने में योगदान देगा।
प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और सुझावों को एकत्र करेंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल में अभियान को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए पूरी टीम सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
बैठक का संचालन एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अंकुश भटनागर ने किया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सदफ खान सहित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।














