राजनीति
27 Jun, 2026

नितिन नवीन तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे पर करेंगे कई अहम बैठकें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 से 30 जून तक तेलंगाना दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे, जिला कार्यालयों का लोकार्पण करेंगे और राज्य कार्यकारिणी बैठक का उद्घाटन करेंगे।

नई दिल्ली, 27 जून।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 से 30 जून तक तेलंगाना के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने और आगामी रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही नए जिला कार्यालयों का लोकार्पण करेंगे तथा राज्य कार्यकारिणी बैठक का उद्घाटन भी करेंगे।

रविवार को नितिन नवीन हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह रांगारेड्डी ग्रामीण जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और वर्चुअल माध्यम से नौ अन्य नवनिर्मित जिला कार्यालयों का लोकार्पण करेंगे। शाम को नामपल्ली स्थित प्रदेश कार्यालय में ग्रेटर हैदराबाद, साइबराबाद और मलकाजगिरी क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन सोमवार को वह घाटकेसर स्थित विज्ञान भारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित 'विकसित भारत छात्र सम्मेलन' में शामिल होकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसके बाद भोंगीर और हनमकोंडा में संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। आर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में संयुक्त वारंगल जिले के बूथ अध्यक्ष स्तर से ऊपर के सभी जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को भद्रकाली माता मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हैदराबाद लौटकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे।

तीसरे और अंतिम दिन 30 जून को घाटकेसर स्थित रॉक एन्क्लेव कन्वेंशन सेंटर में तेलंगाना भाजपा की राज्य कार्यकारिणी बैठक का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व को संबोधित करेंगे। सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद वह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

|
आज का राशिफल

कामकाज की व्यस्तता से सुख-चैन प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूति मिलेगी। लाभमार्ग प्रशस्त होगा। नवीन उद्योगों के अवसर बढ़ेंगे व अभिलाषाएं पूर्ण होगी। आनन्ददायक वातावरण बनेगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 34°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़