गांधीनगर, 27 जून।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर के महात्मा मंदिर में सहकारिता आधारित नई परिवहन पहल 'भारत टैक्सी' का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की विशेष उपस्थिति रही। यह सेवा आने वाले दो वर्षों में देश के 500 शहरों और गांवों तक विस्तारित की जाएगी।
इस योजना के तहत वडोदरा, अहमदाबाद, राजकोट और सूरत एयरपोर्ट समेत विभिन्न सरकारी संस्थानों के साथ एमओयू किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि निजी ऐप आधारित टैक्सी कंपनियों में चालकों के शोषण और अत्यधिक कमीशन की मिल रही शिकायतों के समाधान के लिए इस मॉडल को तैयार किया गया है।
भारत टैक्सी में ड्राइवर केवल चालक नहीं, बल्कि संस्था के भागीदार और मालिक होंगे। उन्हें 'सारथी' के रूप में संबोधित किया जाएगा। वर्तमान में 7 लाख से अधिक सारथी इससे जुड़ चुके हैं और 37 लाख से अधिक यात्री इस सेवा का लाभ ले चुके हैं। यह सेवा दोपहिया और चारपहिया दोनों माध्यमों में उपलब्ध होगी।
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि इसके किराए पूरी तरह से प्रतिस्पर्धी हैं और इसके आने से निजी कंपनियों ने भी अपने रेट कम किए हैं। भविष्य में सारथियों को बीमा, ऋण और व्यवसाय विस्तार की सुविधाएं भी मिलेंगी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम कदम बताया है।
अमित शाह अपने दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं, जहां वे कई विकास कार्यों का लोकार्पण और समीक्षा बैठकें भी करेंगे।














