नई दिल्ली, 27 जून।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और महंगी होती शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के देशव्यापी 'छात्रों की गूंज' अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन से सक्रिय सहयोग की अपील की है।
राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी के महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, विभाग प्रमुखों तथा जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को आधिकारिक पत्र भेजा। उन्होंने संगठन के सभी स्तरों से आग्रह किया कि देशभर में चलाए जाने वाले 'छात्रों की गूंज' अभियान के प्रभावी संचालन के लिए भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को पूरा सहयोग दिया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर समन्वित तरीके से आवाज उठाई जा सके।
अपने पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, दोबारा परीक्षाएं आयोजित किए जाने, सरकारी भर्तियों में देरी, रिक्त पदों, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की बढ़ती लागत ने युवाओं और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक एवं मानसिक दबाव में डाल दिया है।
उन्होंने कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था छात्रों पर अत्यधिक दबाव बनाती है और अनेक परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं से जुड़े इन मुद्दों को व्यापक स्तर पर सामने लाना और देशभर में प्रभावी संदेश पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करें, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।














