भोपाल, 27 जून।
राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित सुदामा नगर में एक बंद मकान से बुजुर्ग दंपति के शव मिलने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुन्तला बारीक के रूप में हुई है। दोनों की आयु 50 वर्ष से अधिक बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेमंत बारीक अपनी पत्नी के साथ मकान में अकेले रहते थे। कई दिनों से घर का दरवाजा बंद होने के बावजूद किसी प्रकार की गतिविधि दिखाई नहीं देने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। शुक्रवार को किराएदार किराया देने पहुंचे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और भीतर से भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही ऐशबाग पुलिस मौके पर पहुंची और बंद मकान का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान पति-पत्नी के शव घर के भीतर पड़े मिले। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।














