मुरैना, 27 जून।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक युवक ने देर रात अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा शनिवार सुबह हुआ, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाह ने शुक्रवार रात अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाह पर उस समय कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जब वह सो रही थी। इसके बाद उसने अपने आठ वर्षीय बेटे आरव और पांच वर्षीय बेटे देबू पर भी लगातार वार किए। गंभीर हमले के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बलराम घर से निकल गया और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर अपनी जान दे दी।
माता बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि पूरी वारदात घर के आंगन में हुई। मकान चारों तरफ से ऊंची बाउंड्री से घिरा हुआ था। शनिवार सुबह जब घर का मुख्य गेट बाहर से बंद मिला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने बाउंड्री के ऊपर से भीतर देखा तो महिला और दोनों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल की स्थिति से यह भी सामने आया कि रविता ने खुद को और अपने बच्चों को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया था। उसका शव खटिया से करीब 20 फीट दूर मिला। पुलिस को घर के भीतर से वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद हुई। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी की मां रामकली पूरी रात घर के बाहर सोती रही, लेकिन घर के अंदर हुई इस पूरी घटना की उसे कोई भनक नहीं लगी।
मुख्यालय डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। इसी कारण रविता कुछ दिनों से अपने मायके कुतवार गांव में रह रही थी। पंचायत के बाद दो दिन पहले ही उसे वापस किशनपुर लाया गया था। शुक्रवार रात दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद बलराम ने गुस्से में पत्नी और दोनों बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया।
शनिवार सुबह जब घर के दरवाजे नहीं खुले तो पड़ोसियों ने अंदर झांककर घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसी दौरान सूचना मिली कि शिकारपुर फाटक के पास बलराम ने भी ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुरैना भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।














