नई दिल्ली, 27 जून।
दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार 34 वर्षीय इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर वाहन की पहचान करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। हादसे में शामिल थार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को वसंत कुंज साउथ थाना क्षेत्र में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी है, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पीसीआर टीम इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर, वसंत कुंज लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में मृतक की पहचान गुरुग्राम निवासी 34 वर्षीय सार्थक मट्टू के रूप में हुई। वह गुरुग्राम स्थित एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार को उनका जन्मदिन था। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटना में शामिल महिंद्रा थार को ट्रेस किया। पड़ताल में पता चला कि वाहन बेंगलुरु की एक निजी कंपनी के नाम पर पंजीकृत है और कंपनी ने उसे अपने कर्मचारी बिहार निवासी सागर साहा को लीज पर दिया था। सागर साहा की तैनाती बेंगलुरु में है।
पूछताछ में सागर साहा ने बताया कि हादसे के समय थार उसका दोस्त अपूर्व सिंह चला रहा था। अपूर्व एक निजी कंपनी में कार्यरत है और वर्तमान में गुरुग्राम में रह रहा है। घटना के समय सागर साहा आगे की सीट पर बैठा था। पुलिस ने आरोपी चालक अपूर्व सिंह को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण सफदरजंग अस्पताल में कराया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर मामले की जांच जारी रखी है।














