अपराध
29 Jun, 2026

सीमांकन विवाद में पटवारी से मारपीट, बंधक बनाने का आरोप

उमरिया के पाली थाना क्षेत्र में सीमांकन विवाद के दौरान पटवारी के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाए जाने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उमरिया, 29 जून।

उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में जमीन के सीमांकन विवाद को लेकर एक पटवारी के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार बकेली हल्के में पदस्थ पटवारी गोरेलाल सिंह मार्को सीमांकन का कार्य पूरा कर गांव से लौट रहे थे। इसी दौरान बड़वाही तिराहे के पास उनकी मुलाकात विपिन सोनी से हुई। आरोप है कि सीमांकन को लेकर विपिन सोनी नाराज था। उसका कहना था कि उसकी जमीन को शासकीय भूमि बताया गया है, जबकि पहले ऐसा नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

पटवारी का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विपिन सोनी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने हाथ-मुक्कों से हमला किया, कलाई मरोड़ दी और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद आरोपी उन्हें घसीटते हुए अपने घर के भीतर ले गया, जहां कुछ समय तक बंधक बनाकर मारपीट की गई। शोर सुनकर पहुंचे विकाश बैगा, मानू प्रजापति और संजय साहू ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपी ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में उनके बाएं हाथ की कलाई और पैर में चोट आने की बात कही गई है।

घटना के बाद पटवारी अपनी पत्नी के साथ पाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पाली पुलिस ने मामले को शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट से जुड़े प्रकरण के रूप में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। अपने हित के काम सुबह-सवेरे निपटा लें। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़