नई दिल्ली, 29 जून।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित दूसरे रक्षा अलंकरण समारोह में सशस्त्र बलों और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों एवं जवानों को वीरता और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों के वीरता और सेवा पदक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर एयर मार्शल तरुण चौधरी, लेफ्टिनेंट जनरल नीरज वार्ष्णेय, लेफ्टिनेंट जनरल विकास रोहेला, लेफ्टिनेंट जनरल हरबिंदर सिंह वंद्रा और लेफ्टिनेंट जनरल मोहिंदर पाल सिंह को अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य तथा सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान देश की सुरक्षा और सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और जवानों के साहस एवं समर्पण को सम्मानित किया गया।
ये सम्मान सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के उन कर्मियों को प्रदान किए जाते हैं, जिन्होंने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान असाधारण वीरता और उत्कृष्ट सेवा का परिचय दिया है।
समारोह में दिए गए पुरस्कार जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर और सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंकवाद, उग्रवाद तथा अन्य सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने वाले जवानों के साहस को भी सम्मानित करते हैं। इसके साथ ही विमानन, समुद्री अभियानों और मानवीय राहत कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों के अदम्य साहस और समर्पण को भी इन अलंकरणों के माध्यम से मान्यता दी गई।
















