मंडी, 29 जून।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ कुल्लू को बड़ी कामयाबी मिली है। मंडी-सुंदरनगर फोरलेन पर एक कार से 1.055 किलोग्राम चरस बरामद की गई। इस मामले में राजस्थान के चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एसटीएफ की टीम मंडी-सुंदरनगर फोरलेन पर तरोट के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही सफेद रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में मैट के नीचे छिपाकर रखे गए पांच पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों से कुल 1.055 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
कार में मौजूद चारों युवकों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों की पहचान चालक आशीष कुमार (39), वीरेंद्र कुमार (29), जैकी (20) और प्रमोद (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी राजस्थान के झुंझुनूं जिले के रहने वाले हैं।
डीएसपी एसटीएफ हेमराज वर्मा ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध पुलिस थाना धनोटू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस थाना धनोटू, जिला मंडी कर रहा है। पुलिस अब इस नशा तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की पड़ताल में जुटी है।
















