बलरामपुर, 29 जून।
बलरामपुर जिले की शंकरगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म और मारपीट से जुड़े एक मामले में तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी को सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार शंकरगढ़ थाने में दर्ज मामले की विवेचना के दौरान नए साक्ष्य सामने आने पर तीन अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर दर्ज प्रकरण में पहले मुख्य आरोपित कमिल यादव को 12 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
आगे की जांच में मुख्य आरोपित के परिजनों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने राजकुमार यादव, सविता उर्फ सरिता यादव और गणेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
















