वाराणसी, 29 जून।
वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र स्थित तेलियाबाग में एक व्यवसायी से दिनदहाड़े पांच लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। स्कूटी सवार व्यवसायी से चार बदमाश नकदी लूटकर फरार हो गए। हालांकि भागते समय आरोपित अपनी बुलेट मौके पर ही छोड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार व्यवसायी अमित कुमार सर्राफ से बुलेट और मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसीपी के निर्देशन में क्राइम ब्रांच सहित दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौके पर मिली बुलेट के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बुलेट के पंजीकरण नंबर के जरिए लूट में शामिल एक आरोपित तक पहुंच बनाई गई है। शुरुआती जांच में किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता की आशंका भी सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का दावा किया है।
















