राजगढ़, 29 जून।
राजगढ़ जिले की बोडा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों आरोपित अलग-अलग मामलों में कई वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट सारंगपुर के एक प्रकरण में धारा 125 सीआरपीसी के तहत जारी स्थायी वारंट में वांछित ज्वाला सांसी निवासी कड़िया सांसी पिछले नौ वर्षों से फरार चल रहा था।
इसी प्रकार राजगढ़ न्यायालय के एक अन्य प्रकरण में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत जारी स्थायी वारंट में वांछित लखन सांसी निवासी ग्राम गुलखेड़ी करीब चार वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम कड़ियासांसी में दबिश देकर दोनों वारंटियों को हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में फरार आरोपितों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
















