जोधपुर, 29 जून।
जोधपुर जिले के फलोदी क्षेत्र के राणेरी गांव में जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। खेत जोतने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। आरोप है कि भतीजों ने अपनी ताई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में दूसरे पक्ष की एक युवती भी घायल हुई है। पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राणेरी गांव में दो भाई सावराराम और मगनाराम के बीच पिछले दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह सावराराम अपने बेटों के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने पहुंचा। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान सावराराम के बेटों ने मगनाराम की पत्नी शांति विश्नोई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल शांति को परिजन फलोदी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान हुई मारपीट में सावराराम की बेटी समता भी घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के बेटे सुभाष ने बाप पुलिस थाने में छह लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दर्ज शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















