जोधपुर, 29 जून।
जोधपुर रेंज में वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सोमवार सुबह चलाए गए विशेष एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 386 अपराधियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में एक साथ दबिश देकर कई मामलों में वांछित आरोपितों को पकड़ा गया।
पुलिस महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि सुबह 6 से 9 बजे तक पूरे जोधपुर रेंज में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 314 पुलिस टीमों ने 1,443 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर वांछित अपराधियों की तलाश की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित 25 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी, धारा 299 सीआरपीसी और गिरफ्तारी वारंट से जुड़े मामलों में 102 वांछित अपराधियों को पकड़ा गया। सामान्य मामलों में वांछित 132 आरोपितों और एक इनामी अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत 120 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नेकचलनी की कार्रवाई की। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 261 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की गई और 120 लोगों को पाबंद किया गया।
इसके अतिरिक्त स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत भी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। अभियान के दौरान पूरे रेंज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ पर विशेष जोर दिया गया।
















