भोपाल, 29 जून।
राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक महिला आरक्षक की शिकायत पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय पीड़िता महिला आरक्षक है। उसकी शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2018 में कोचिंग के दौरान उसकी पहचान सुमित रिझारिया से हुई थी। परिचय के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद के वर्षों में आरोपी उसे अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक शोषण करता रहा।
महिला आरक्षक के अनुसार कुछ समय पहले आरोपी ने शादी करने से स्पष्ट इनकार कर दिया और उससे बातचीत भी बंद कर दी। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।
मिसरोद थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसकी तलाश जारी है।















