नई दिल्ली, 29 जून।
राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को उच्च सदन के सात नवनिर्वाचित एवं पुनर्निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले सदस्यों में मानसिंह मेरामन परमार, तरुण चुघ, डॉ. अलका सिंह, जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, राजेंद्र हीरालाल जैन, एम. नागराजा और अधिकारीमायुम शारदा देवी शामिल रहे।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सदस्यों ने अलग-अलग भारतीय भाषाओं में शपथ ली। चार सदस्यों ने हिंदी, एक सदस्य ने कन्नड़, एक ने पंजाबी और एक सदस्य ने मणिपुरी भाषा में शपथ ग्रहण की। इनमें गुजरात से दो सदस्य चुने गए हैं, जबकि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और राजस्थान से एक-एक सदस्य उच्च सदन में पहुंचे हैं।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश तथा प्रफुल्ल पटेल भी उपस्थित रहे।
समारोह में राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी सहित सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और शपथ ग्रहण प्रक्रिया के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
















