नई दिल्ली, 29 जून।
पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा गांव में घरेलू सहायिका की हत्या के मामले का शाहदरा जिला पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित ने वारदात की पूरी योजना लखनऊ में बनाई थी। वह वहां से चाकू खरीदकर बस से दिल्ली पहुंचा और तड़के सो रही पत्नी पर कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद उसने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू प्लास्टिक के बैग में छिपाकर कमरे में रख दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।
पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 28 जून को आनंद विहार थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली थी कि कड़कड़डूमा गांव के एक कमरे में एक महिला खून से लथपथ पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के भीतर 30 वर्षीय सोनम जोशी का शव बरामद किया। उसके शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव मिले। सोनम मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी और नोएडा में पूर्णकालिक घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत थी। हाल ही में वह कड़कड़डूमा स्थित अपनी जेठानी कौशल के घर रहने आई थी।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एफएसएल और क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जरूरी साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके साथ ही परिजनों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस वारदात के पीछे मृतका का पति अनुज जोशी ही है। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि उसने पहले से हत्या की योजना बना रखी थी। लखनऊ से चाकू खरीदने के बाद वह बस से दिल्ली पहुंचा और 28 जून की सुबह करीब 5:40 बजे कड़कड़डूमा गांव पहुंचकर कमरे में सो रही पत्नी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित ने चाकू को प्लास्टिक के बैग में छिपाकर कमरे में रख दिया, जिसे बाद में पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय अनुज जोशी लखनऊ का निवासी है और वहां आइसक्रीम की रेहड़ी लगाकर जीविका चलाता है। उसकी पहली शादी ज्योति नाम की महिला से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। पहली पत्नी से तलाक के बाद उसने सोनम जोशी से दूसरी शादी की थी, जिससे उसके तीन बच्चे हैं। वर्तमान में उसके सभी पांचों बच्चे लखनऊ में रह रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है तथा हत्या के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
















