रायगढ़, 29 जून।
रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 28 जून की सुबह ग्राम पारेमेर स्थित एक घर में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां 43 वर्षीय जीतो बाई मंझवार का शव मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और चिकित्सकीय रिपोर्ट प्राप्त कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति रामनाथ मंझवार पर हत्या का संदेह होने पर थाना कापू में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए गांव छोड़ने की तैयारी कर रहा है। इस पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर ग्राम पारेमेर निवासी 50 वर्षीय रामनाथ मंझवार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना की रात पत्नी के साथ मामूली विवाद हुआ था। भोजन के बाद जीतो बाई आंगन में सो गई थी। घर के अंदर सोने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपित के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और वारदात के समय पहने गए कपड़े ई-साक्ष्य एवं वीडियोग्राफी की प्रक्रिया के साथ जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
















