नई दिल्ली, 29 जून।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 30 जून से दो दिवसीय आंध्र प्रदेश दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह राज्य के दो केंद्रीय विश्वविद्यालयों के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 30 जून को राष्ट्रपति विजयनगरम स्थित केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इस अवसर पर वह छात्रों को संबोधित करेंगी और उनके शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देंगी।
अपने दौरे के दूसरे दिन 1 जुलाई को राष्ट्रपति अनंतपुरमू स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय, आंध्र प्रदेश के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। यहां वह विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी और उन्हें संबोधित भी करेंगी।
यह दौरा राज्य के दोनों केंद्रीय विश्वविद्यालयों के प्रथम दीक्षांत समारोहों में राष्ट्रपति की सहभागिता के साथ उच्च शिक्षा और विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















