कोरबा, 29 जून।
कोरबा शहर में ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सो रहे एक हमाल की लाठी से हमला कर हत्या कर दी गई। सोमवार दोपहर हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है। वह हमाली का काम करता था और अन्य लोगों के साथ ओवरब्रिज के नीचे ही अस्थायी रूप से रहता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सोमवार सुबह उसका साथ रहने वाले एक अन्य हमाल से किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने दोनों के बीच हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।
दोपहर में राजेश चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचा और उसके सिर पर लाठी से लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एमबी पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या के आरोपित की तलाश की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।
















