अपराध
29 Jun, 2026

जामताड़ा साइबर गिरोह पर शिकंजा, 10 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली पुलिस ने जामताड़ा और देवघर से संचालित साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया और 26 लाख रुपये से अधिक की ठगी से जुड़े चार मामलों का खुलासा किया।

नई दिल्ली, 29 जून।

दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाना पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा और देवघर से संचालित अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गिरोह बैंक अधिकारी बनकर लोगों को व्हाट्सएप पर फर्जी एपीके फाइल भेजता था। फाइल डाउनलोड करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो जाता था और इंटरनेट बैंकिंग, ओटीपी सहित अन्य जानकारियों का दुरुपयोग कर खातों से लाखों रुपये निकाल लिए जाते थे। कार्रवाई के दौरान चार मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें 26 लाख रुपये से अधिक की ठगी सामने आई है। पुलिस ने अपराध की रकम से खरीदी गई थार रॉक्स, 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि साइबर थाना टीम ने बैंक खातों, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल ट्रेल और वित्तीय लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण करने के बाद जामताड़ा, देवघर और हजारीबाग में छापेमारी की। कई दिनों तक निगरानी और कार्रवाई के बाद गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

सबसे बड़े मामले में एक वरिष्ठ नागरिक को सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का झांसा देकर व्हाट्सएप पर फर्जी एपीके फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल हैक कर इंटरनेट बैंकिंग और ओटीपी का दुरुपयोग करते हुए 18.50 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल लिए गए। जांच के बाद पुलिस ने जामताड़ा निवासी मंजूर आलम के साथ बुलंदशहर निवासी यूसुफ तथा मेरठ के आर्यन, रामप्रकाश, मनोहर और प्रियदर्शन को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि मंजूर ऑनलाइन बैंकिंग लेन-देन संभालता था, जबकि अन्य आरोपी म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी की रकम विभिन्न खातों में भेजते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से अपराध की कमाई से खरीदी गई महिंद्रा थार रॉक्स, छह मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए।

दूसरे मामले में ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने वाले एक व्यक्ति को केवाईसी के नाम पर फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड कराई गई। मोबाइल हैक होने के बाद उसके खाते से 1,01,998 रुपये निकाल लिए गए। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने देवघर निवासी रविंद्र कुमार मंडल को गिरफ्तार किया। उसके पास से तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ। पूछताछ में उसके गिरोह का सक्रिय सदस्य होने की जानकारी सामने आई।

तीसरे मामले में पीड़ित को व्हाट्सएप पर 'एम-परिवहन चालान' नाम से फर्जी एपीके फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया और इंटरनेट बैंकिंग व ओटीपी के जरिए 1.09 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने देवघर के पथरोल क्षेत्र में कार्रवाई कर रामविजय कुमार दास को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए और पूछताछ में उसने फर्जी एपीके फाइल भेजकर बैंकिंग डाटा चोरी करने की बात स्वीकार की।

चौथे मामले में खुद को बीएसईएस अधिकारी बताकर ठगों ने एक व्यक्ति से संपर्क किया और बैंकिंग जानकारी हासिल कर उसके खाते से 6.31 लाख रुपये निकाल लिए। जांच के बाद पुलिस ने हजारीबाग निवासी अंकित कुमार और गिरिडीह निवासी गोलू कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अंकित के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ठगी की रकम के ट्रांसफर और उसे ठिकाने लगाने में किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल पर उनका नियंत्रण हो जाता था, जिसके बाद बैंकिंग जानकारी और ओटीपी का उपयोग कर खातों से रकम निकाल ली जाती थी। ठगी की राशि को म्यूल बैंक खातों और यूपीआई आईडी के माध्यम से अलग-अलग स्तर पर ट्रांसफर किया जाता था। पुलिस ने बताया कि चार मामलों का खुलासा हो चुका है और गिरोह के अन्य सदस्यों तथा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। अपने हित के काम सुबह-सवेरे निपटा लें। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़