नई दिल्ली, 29 जून।
राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को कपड़ा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में रोजगार सृजन, नवाचार, पारंपरिक हस्तशिल्प तथा वस्त्र उद्योग को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं और चल रही पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि देश के वस्त्र क्षेत्र की सफलता में किसानों, बुनकरों, कारीगरों, श्रमिकों, उद्यमियों और निर्यातकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार इनके कल्याण और टेक्सटाइल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कपड़ा मंत्रालय के अनुसार समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, उनके परिणामों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्रालय का लक्ष्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ वस्त्र क्षेत्र को अधिक प्रतिस्पर्धी, नवाचार आधारित और रोजगारोन्मुख बनाना है।
बैठक में पारंपरिक बुनकरों और कारीगरों तक आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। इसके साथ ही निर्यात को बढ़ावा देने और भारतीय टेक्सटाइल क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर अधिक मजबूत बनाने के लिए संचालित पहलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मंत्रालय का मानना है कि योजनाओं के प्रभावी संचालन से वस्त्र उद्योग को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और देश की पारंपरिक वस्त्र एवं हस्तशिल्प विरासत को भी मजबूती प्राप्त होगी।
















