अररिया, 29 जून।
अररिया जिले के फारबिसगंज थाना में पश्चिम बंगाल निवासी एक महिला ने मोबाइल चोरी के बाद हुई कथित धोखाधड़ी और वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामले में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के जयगांव क्षेत्र निवासी नीमा लामा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 6 अप्रैल को वह अमृत भारत एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। घटना के संबंध में उन्होंने 8 अप्रैल को एनजीपी जीआरपी में मोबाइल चोरी की शिकायत भी दर्ज कराई थी।
आवेदन के अनुसार मोबाइल चोरी होने के बाद उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बचत खाते से कई किस्तों में कुल 19,910 रुपये की निकासी की गई, जबकि पांच हजार रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा खाते में जमा किए गए। इसके बाद 7 मई को चोला फाइनेंस की ओर से 51,744 रुपये के मोबाइल फाइनेंस का भुगतान करने के लिए दबाव बनाया गया।
शिकायत में कहा गया है कि संबंधित मोबाइल की खरीदारी फारबिसगंज स्थित बालाजी कंप्यूटर से कराए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही एक मोबाइल नंबर सहित अन्य नंबरों से ईएमआई जमा करने के लिए लगातार दबाव बनाए जाने से मानसिक प्रताड़ना होने की बात भी कही गई है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि चोरी हुए मोबाइल का इस्तेमाल कर अज्ञात व्यक्ति ने चोला फाइनेंस और बालाजी कंप्यूटर के सहयोग से धोखाधड़ी की। उन्होंने मामले में अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के अनुसार की जाएगी।
















