कानपुर, 29 जून।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को छिवली नदी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार इमिलिया बाबा मंदिर के पास नदी किनारे करीब 45 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से कुछ खाली ढक्कन बरामद हुए। उसके पास न तो कोई पहचान पत्र मिला और न ही मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज, जिससे पहचान करने में कठिनाई बनी हुई है। मृतक ने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों, जिले के अन्य थानों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस व्यक्ति से जुड़ी कोई सूचना हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।
















