अपराध
29 Jun, 2026

शराब दुकान के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या

इंदौर के गांधी नगर क्षेत्र में शराब दुकान पर हुए विवाद के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

इंदौर, 29 जून।

इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिद्धार्थ नगर स्थित वाइन शॉप पर हुए झगड़े के दौरान हेमंत उर्फ हेमू जाट की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सिद्धार्थ नगर निवासी 39 वर्षीय हेमंत उर्फ हेमू जाट वाइन शॉप पर कृष्णा पाटिल और राजेश चौहान के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कृष्णा पाटिल ने चाकू निकालकर हेमंत पर तीन से चार वार किए। गंभीर रूप से घायल हेमंत को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक ई-रिक्शा चालक था और उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी कृष्णा पाटिल को आदतन अपराधी बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी सामने आई है।

मृतक की मां मीना जाट ने बताया कि घर से निकलते समय हेमंत ने कहा था कि वह चौराहे तक जाकर थोड़ी देर में लौट आएगा। उन्होंने साथ चलने की बात कही थी, लेकिन हेमंत ने मना कर दिया। बाद में एक व्यक्ति ने घर पहुंचकर हेमंत के घायल होने की सूचना दी। इसके बाद वह पहले शराब दुकान और फिर थाने पहुंचीं, जहां उन्हें केवल खून के निशान मिले।

हेमंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचीं मीना जाट बेटे से मिलने की उम्मीद में उसे पुकारती रहीं, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में उनका विलाप देख मौजूद लोग भी भावुक हो गए।

परिवार के अनुसार हेमंत की दोनों बेटियां कनक और मुस्कान भी अस्पताल पहुंचीं, लेकिन उन्हें अभी तक पिता की मौत की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। हेमंत की दोनों पत्नियों का पहले ही निधन हो चुका है। मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र ने बताया कि मां का हेमंत से गहरा लगाव था और इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।

|
आज का राशिफल

कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। अपने हित के काम सुबह-सवेरे निपटा लें। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़