देवरिया, 29 जून।
देवरिया जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां मोबाइल फोन हैक होने के बाद एक युवक के बैंक खाते से 1.93 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर खुखुंदू थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खुखुंदू थाना क्षेत्र के असना गांव निवासी हिमांशु चतुर्वेदी ने शिकायत में बताया कि वह प्रयागराज की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनका बैंक ऑफ बड़ौदा की सिविल लाइन शाखा, देवरिया में खाता है। 9 जून को उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया। फोन चालू करने पर स्क्रीन खाली दिखाई दी और मोबाइल अपने आप अपडेट होने लगा। अपडेट पूरा होने के बाद फोन का पूरा डेटा गायब हो गया।
इसी दौरान साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 1 लाख 93 हजार रुपये निकाल लिए। खाते की शेष राशि जांचने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और खुखुंदू थाने में भी तहरीर दी।
थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। बैंक लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
















