भोपाल, 29 जून।
राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक विवेकानंद नगर निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद नासिर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जून की रात वह अपने छोटे भाई अफजल के साथ पुतलीघर, टीला जमालपुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान काजी कैंप स्थित एक चाय की दुकान के सामने आमिर बेग और उसके साथी असद उर्फ भूरा ने दोनों का रास्ता रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई और इसके बाद मारपीट शुरू हो गई।
शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ने पर असद उर्फ भूरा ने अफजल को पकड़ लिया और आमिर ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे नासिर पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे उसके दाहिने हाथ की हथेली घायल हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तथा मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर काजी कैंप क्षेत्र से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया और उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असद उर्फ भूरा (27) निवासी जनता नगर, निशातपुरा और आमिर बेग (25) निवासी अटल अयूब नगर, गौतम नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं।















