कासगंज, 29 जून।
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार को एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर निकला यह विमान अनियंत्रित होने के बाद हाईटेंशन बिजली लाइन से टकराते हुए निर्माणाधीन सड़क के किनारे जा गिरा। हादसे में विमान उड़ा रही प्रशिक्षु महिला पायलट घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3:30 बजे अलीगढ़ जिले की धनीपुर हवाई पट्टी से प्रशिक्षण उड़ान के लिए रवाना हुआ दो-सीटर विमान कासगंज क्षेत्र में पहुंचने के बाद नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटनाग्रस्त विमान का पंजीकरण नंबर वीटी-एएफबी बताया गया है। इसमें प्रशिक्षण ले रही घायल पायलट की पहचान मुंबई (महाराष्ट्र) के पवई विहार निवासी 27 वर्षीय कायनात के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस तथा चिकित्सकीय टीम को भी तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रशिक्षु पायलट को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
धनीपुर हवाई पट्टी के प्रभारी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि विमान नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था और उसे प्रशिक्षु पायलट कायनात उड़ा रही थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान रास्ता भटकने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ। मामले की सूचना संबंधित विमानन अधिकारियों को दे दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा और इसी दौरान उसका अगला हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इसके बाद विमान निर्माणाधीन बरेली-मथुरा राजमार्ग के किनारे कच्ची मिट्टी वाले हिस्से में गिरा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के कारण वहां नरम मिट्टी होने से विमान में आग नहीं लगी, जिससे पायलट की जान बच गई।
















